March 26, 2026

श्रीराम दरबार में श्रीराम नवमी श्रद्धा और भक्ति के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न

0
IMG-20260326-WA0058
Spread the love


हजारों राम भक्तों ने किए प्रभु श्रीराम के दर्शन
पुणे : “जय श्रीराम” के जयघोष, “श्रीराम जय राम जय जय राम” मंत्र के अखंड जाप, भक्ति से ओत-प्रोत रामभजन एवं हजारों श्रद्धालुओं की पावन उपस्थिति में कोंढवा खुर्द स्थित श्री संकट हरण महादेव मंदिर परिसर के श्रीराम दरबार में श्रीराम नवमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और दिव्यता के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय ऊर्जा से आलोकित हो उठा। विविध रंगों के पुष्पों से सुसज्जित मंदिर, आकर्षक रोशनी और आध्यात्मिक वातावरण ने सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन, कीर्तन, आरती एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से वातावरण पूर्णतः राममय हो गया। दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित भक्तों ने भावविभोर होकर प्रभु के अवतरण का उत्सव मनाया। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
पवन बंसल एवं सुनीता बंसल ने अपने नाती मास्टर सरस बंसल की पुण्य स्मृति में वर्ष 2021 में इस श्रीराम दरबार की स्थापना की थी। श्रीराम सेवा समिति के माध्यम से इस वर्ष छठे वर्ष भी श्रीराम नवमी महोत्सव बड़े ही भव्य एवं अनुशासित रूप में आयोजित किया गया।
इस पावन अवसर पर पवन बंसल, सुनीता बंसल, ईश्वरचंद गोयल, जयभगवान गोयल, पवन चमेडिया, गुंजन तवाल, नरेंद्र गोयल, प्रेमचंद मित्तल, सतीश अग्रवाल, योगेश जैन, गोयल गंगा ग्रुप की गीता गोयल, विक्रम बंसल, रुचि नरेंद्र गोयल तथा माजी नगरसेवक तानाजी लोणकर सहित हजारों राम भक्त उपस्थित रहे।
महोत्सव के संदर्भ में पवन बंसल ने कहा कि, “प्रत्येक वर्ष श्रीराम नवमी का यह आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाता है। इसके माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार और एकता का संदेश प्रसारित होता है तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त होता है।”
सुनीता बंसल ने भावुक शब्दों में कहा कि, “हमारे नाती सरस बंसल की स्मृति में स्थापित इस मंदिर के माध्यम से हमें हर वर्ष रामभक्तों की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त होता है, यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा पुण्य और आशीर्वाद है।”
माजी नगरसेवक तानाजी लोणकर ने बताया कि, “श्री संकट हरण महादेव मंदिर की स्थापना वर्ष 1868 में हुई थी। समय-समय पर इस परिसर में विभिन्न देवताओं के मंदिरों का निर्माण हुआ। पवन कुमार बंसल के माध्यम से वर्ष 2021 में श्रीराम दरबार की स्थापना हुई, जहां हर वर्ष श्रीराम नवमी महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाता है, जिसमें लगभग 50 हजार श्रद्धालु सहभागी होते हैं।”
गीता गोयल ने कहा कि, “श्रीराम दरबार केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि सेवा और श्रद्धा का केंद्र है। यहां हमें न केवल श्रीराम नवमी पर, बल्कि वर्षभर रामभक्तों की सेवा करने का अवसर मिलता है, जो हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है।”
सम्पूर्ण आयोजन ने समाज में आध्यात्मिक जागरण, एकता एवं श्रद्धा का संदेश देते हुए सभी भक्तों के हृदय में प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

महत्त्वाच्या बातम्या

🔔 अपडेटसाठी सबस्क्राइब करा 👥 1201 Subscribers
×

सबस्क्राइब करा

दररोजच्या ताज्या बातम्यांसाठी