भगवान अग्रसेन चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा 15 मार्च को भव्य सामूहिक विवाह समारोह
उपक्रम का 13वाँ वर्ष; 51 जोड़ों के विवाह का संकल्प
पुणे : सामाजिक दायित्व निभाते हुए गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करने वाले भगवान अग्रसेन चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला भव्य सामूहिक विवाह समारोह इस वर्ष रविवार, 15 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी फाउंडेशन के ट्रस्टी राजेश अग्रवाल ने एक पत्रकार परिषद में दी।
इस अवसर पर जयकिशन गोयल, सरस्वती गोयल, महावीर रतनलाल गोयल, विनोद अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, मनोज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वर्तमान समय में बढ़ती सामाजिक एवं आर्थिक असमानता की पृष्ठभूमि में सामूहिक विवाह समारोह समय की आवश्यकता बन गए हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से वास्तविक अर्थों में मानव सेवा होती है, ऐसा मत राजेश अग्रवाल ने व्यक्त किया। यह समारोह वरिष्ठ समाजसेवी रतनलाल गोयल के 73वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि आजकल विवाह समारोहों में होने वाला अत्यधिक खर्च अनेक परिवारों को आर्थिक संकट में डाल रहा है। विशेष रूप से बेटी के विवाह की चिंता माता-पिता के लिए एक बड़ा बोझ बन जाती है। ऐसी परिस्थितियों में सामूहिक विवाह समारोह समाज में एकता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश देते हैं।
इस समारोह में विवाह बंधन में बंधने वाले प्रत्येक जोड़े को अलमारी, पंखा, गद्दा, चादर, मिक्सर, देवघर (देवहारा) तथा बर्तन सेट जैसे घरेलू उपयोग की वस्तुएँ उपहार स्वरूप प्रदान की जाएँगी। इसके साथ ही वर-वधू को संपूर्ण वस्त्र-सामग्री, मंगलसूत्र एवं आवश्यक वैवाहिक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
हिंदू परंपराओं के अनुसार संपन्न होने वाला यह धार्मिक विवाह समारोह तीन एकड़ क्षेत्र में फैले भव्य गोयल गार्डन में, आईमाता मंदिर के सामने, गंगाधाम रोड, पुणे में आयोजित किया जाएगा। इस उपक्रम का यह 13वाँ वर्ष है। गत वर्ष 25 जोड़ों के विवाह सफलतापूर्वक संपन्न हुए थे। पिछले 12 वर्षों में कुल 241 जोड़ों के विवाह इस समारोह के माध्यम से कराए जा चुके हैं। इस वर्ष 51 जोड़ों के विवाह कराने का संकल्प आयोजकों ने व्यक्त किया है।
इस सामूहिक विवाह समारोह के लिए विवाह पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क है। पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, पुणे ग्रामीण, कोल्हापुर सहित पश्चिम महाराष्ट्र, मराठवाड़ा एवं नासिक क्षेत्र के इच्छुक एवं जरूरतमंद जोड़े 9049992560 / 9422025049 इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
गोयल परिवार की सामाजिक संवेदनशीलता से साकार हुआ यह उपक्रम गरीब, निराश्रित एवं सामान्य समाज वर्गों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने का स्वर्णिम अवसर प्रदान करेगा, ऐसा विश्वास राजेश अग्रवाल ने व्यक्त किया।
